यूपी के शाहजहांपुर। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत मंगलवार को कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी परिसर में क्षय रोगियों को पोषण पोटलियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने विहास डेवलपमेंट सोसाइटी के सहयोग से 10 टीबी मरीजों को पोषण सामग्री प्रदान की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य क्षय रोगियों के पोषण स्तर को सुदृढ़ करना है, ताकि वे शीघ्र स्वस्थ हो सकें। उन्होंने कहा कि टीबी के उपचार में दवाओं के साथ-साथ संतुलित और पौष्टिक आहार की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उचित पोषण से रोगियों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, जिससे उपचार के बेहतर और सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं। उन्होंने ऐसे सामाजिक सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि जनसहभागिता से टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करना आसान होगा। इस अवसर पर डीटीओ डॉ. उमेन्द्र राठौर, डीएचईआईओ वीरेन्द्र शर्मा, सिद्धार्थ गुप्ता, आरती देवी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।