यूपी के‌ शाहजहांपुर। छावनी परिषद के महाराणा प्रताप मार्ग पर बैरियर न लगाए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का आरोप है कि पहले हुए दर्दनाक हादसे के बावजूद परिषद गंभीरता नहीं दिखा रही है।
बताया गया कि हाल ही में एक भारी वाहन के इस मार्ग पर पहुंच जाने से रामनगर कॉलोनी निवासी शेखर मिश्रा की दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना के बाद क्षेत्रीय पार्षद कृष्ण गोपाल बिन्नू ने मार्ग के दोनों ओर बैरियर लगाए जाने की मांग उठाई थी, ताकि भारी वाहनों की आवाजाही रोकी जा सके और भविष्य में दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि परिषद की ओर से बैरियर लगाने के लिए गड्ढे तो खोद दिए गए, लेकिन अब तक बैरियर नहीं लगाए गए। इससे लोगों में आक्रोश है और सवाल उठ रहे हैं कि आखिर परिषद किसी अगले हादसे का इंतजार तो नहीं कर रही।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और छावनी परिषद से जल्द बैरियर लगाने की मांग करते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील की है।