यूपी के शाहजहांपुर में आगामी ईद-उल-अजहा (बकरी ईद) पर्व को शांतिपूर्ण, स्वच्छ और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में डीएम धर्मेन्द्र प्रताप सिंह और एसपी सौरभ द्विवेदी ने धर्मगुरुओं, उलेमा, ईदगाह कमेटी पदाधिकारियों और संभ्रांत नागरिकों के साथ विस्तार से चर्चा की।
बैठक में तय हुआ कि बड़ी ईदगाह में ईद की नमाज सुबह 7:30 बजे अदा की जाएगी। वहीं धर्मगुरुओं ने टूटी सड़कों की मरम्मत, बिजली व्यवस्था, सफाई, छुट्टा पशुओं की समस्या और कुर्बानी के अवशेषों के उठान जैसे मुद्दे प्रशासन के सामने मजबूती से रखे।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि 28 मई से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं। नगर क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा और कुर्बानी के अवशेषों के निस्तारण के लिए अलग टीमें लगाई जाएंगी।
एसपी सौरभ द्विवेदी ने साफ शब्दों में कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुर्बानी या अन्य धार्मिक गतिविधियों के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। माहौल खराब करने वालों और भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





Visit Today : 147