शाहजहांपुर। जन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए पुलिस विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को जिलेभर में 27 शिकायतों का मौके पर पहुंचकर समाधान किया गया। पुलिस अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं के घरों और घटनास्थलों पर पहुंचकर जांच की तथा संबंधित पक्षों से बातचीत कर मामलों का निस्तारण कराया। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चल रहे इस अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण द्वारा की जा रही है। अभियान का उद्देश्य शिकायतों का पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से थानों और पुलिस कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। पुलिस विभाग के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल में कम से कम एक शिकायत तथा प्रत्येक थाना प्रभारी प्रतिदिन दो शिकायतों का मौके पर पहुंचकर निस्तारण कर रहा है। इसी क्रम में सोमवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्राप्त शिकायतों में से 27 मामलों का समाधान मौके पर जाकर किया गया। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं और संबंधित पक्षों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की। पुलिस का कहना है कि शिकायतों के निस्तारण के दौरान दोनों पक्षों का फीडबैक भी लिया जा रहा है, जिससे समाधान की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनी रहे। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से आमजन का विश्वास बढ़ेगा और शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया अधिक सुगम, प्रभावी एवं जनहितकारी बनेगी। साथ ही लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से भी राहत मिलेगी।







Visit Today : 695