अधिवक्ताओं के आक्रोश के बीच चौक कोतवाली पहुंचे एसडीएम, पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे
शाहजहांपुर। समस्याओं को लेकर एसडीएम सदर कार्यालय पहुंचे अधिवक्ताओं ने एसडीएम पर अभद्र व्यवहार करने और उन्हें कार्यालय से बाहर जाने के लिए कहने का आरोप लगाया। इससे आक्रोशित अधिवक्ताओं ने कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। अधिवक्ताओं के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए एसडीएम अतुल कुमार चौक कोतवाली पहुंचकर वहां बैठ गए। मामले की जानकारी होने पर सीओ समेत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। अधिवक्ता रज्जन बाबू मिश्रा ने बताया कि अधिवक्ता अपनी समस्याओं को लेकर एसडीएम से मिलने पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान एसडीएम ने अधिवक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें कार्यालय से चले जाने को कहा। इस व्यवहार से अधिवक्ता आहत हैं और उनमें रोष है।
अधिवक्ताओं की मांग है कि एसडीएम अपने व्यवहार के लिए माफी मांगें और भविष्य में अधिवक्ताओं के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं होने का आश्वासन दें। फिलहाल अधिवक्ताओं का धरना जारी है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को शांत कराने के प्रयास में जुटे हैं।





Visit Today : 528