शाहजहांपुर। रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र में किशोरी से दुष्कर्म और उसके स्वजन से गाली-गलौज, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों की उम्र करीब 19 वर्ष बताई गई है। पुलिस के अनुसार, दनियापुर गांव निवासी सचिन वर्मा पुत्र बृजेश वर्मा और दिल कुमार कश्यप पुत्र मोहन कश्यप के विरुद्ध नौ सितंबर को तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में धारा 70(1), 352, 351(3) बीएनएस तथा एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराएं लगाई गई थीं। पुलिस ने बताया कि बुधवार को मुखबिर से दोनों आरोपितों के मिश्रीपुर ढाबे के पास होने की सूचना मिली। इस पर रामचंद्र मिशन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मिश्रीपुर ढाबे से रौसर गांव की ओर करीब 100 मीटर पहले दोपहर 1:15 बजे दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक विक्रम कुमार, उपनिरीक्षक संत कुमार राठी, कांस्टेबल रिंकू चौहान और कांस्टेबल लवकुश शर्मा शामिल रहे।