-श्मशान घाट पहुंचा मृतक का बेटा तो सामने आया हैरान करने वाला दृश्य, पुलिस ने शुरू की जांच

शाहजहांपुर। पुवायां थाना क्षेत्र के नत्थापुर गांव में रविवार शाम श्मशान घाट पर जलती चिता पर मीट पकाने का मामला सामने आया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। चिता पर मीट पका रहे तीन लोगों में से एक को मृतक के बेटे और रिश्तेदारों ने पकड़ लिया, जबकि दो लोग बाइक से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस पकड़े गए व्यक्ति को थाने ले गई। मृतक के बेटे ने शाम करीब छह बजे पुलिस को तहरीर दी है। नत्थापुर गांव निवासी 60 वर्षीय छोटेलाल की लंबी बीमारी के बाद शनिवार को मौत हो गई थी। रविवार दोपहर परिजन और रिश्तेदार श्मशान घाट पहुंचे और अंतिम संस्कार किया। मुखाग्नि देने के बाद सभी लोग घर लौट आए।
करीब एक घंटे बाद छोटेलाल के बेटे वीरपाल ने चिता देखने जाने की बात कही। उनका कहना था कि यदि कोई लकड़ी चिता से गिर गई हो तो उसे वापस चिता पर रखा जा सके। वह कुछ रिश्तेदारों के साथ श्मशान घाट पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर हैरान रह गए। वीरपाल के मुताबिक, वहां तीन लोग उनके पिता की जलती चिता की आग पर एक पतीले में मीट पका रहे थे। उन्होंने रिश्तेदारों के साथ मिलकर तीनों को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान एक व्यक्ति पकड़ में आ गया, जबकि दो अन्य मोटरसाइकिल से फरार हो गए। घटना के बाद वीरपाल ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए व्यक्ति को थाने ले गई। वीरपाल ने तहरीर में तीन लोगों पर जलती चिता पर मीट पकाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने तहरीर में यह भी कहा है कि तीनों देखने में तांत्रिक जैसे लग रहे थे।
सीओ पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि मामले में तहरीर मिल गई है। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।